पटना की सड़कों पर राजद कार्यकर्ता का उत्पात, पुलिस पर की रोड़ेबाजी, लाठीचार्ज

राजद विधानसभा घेराव

पटना। राजद नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के ऐलान के बाद बड़ी तादाद में राजद कार्यकर्ता पटना की सड़कों पर उतरे। इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने पटना की सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया। इससे पुलिस और राजद कार्यकर्ता के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

राजद ने आज गांधी मैदान के पास जेपी गोलंबर से मार्च निकालकर विधानसभा तक पहुंचने की तैयारी की थी। पुलिस प्रशासन के रोकने के बाद भी राजद कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़कर अब जेपी गोलंबर से आगे बढ़ गए। पुलिस ने भीड़ को डाकबंगला चौराहे पर रोकने की कोशिश की।

हालांकि राजद कार्यकर्ताओं के आक्रामक रूख के कारण स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। राजद कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने पुलिस के साथ मीडिया पर भी हमला कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने भी भीड़ पर जमकर लाठियाँ भांजी। बता दें कि राज्य में कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने विधानसभा का घेराव और मार्च टालने को कहा था।

लेकिन राजद कार्यकर्ता नहीं माने और सड़क पर उत्पात मचाया। बाद में राजद नेता तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव के अनुरोध पर कार्यकर्ता शांत हुए। जिसके बाद घेराव की अगुवाई कर रहे तेजस्वी और तेजप्रताप को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लेने के बाद कार्यकर्ता उग्र हो गए। हालांकि तेजस्वी यादव के समझाने के बाद वे शांत हो गए। जिसके बाद डाकबंगला चौराहे पर भीड़ खत्म हो गई।