नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज फिर हाथरस के लिए रवाना होंगे। बताया जा रहा है कि वह आज दोपहर के समय हाथरस के लिए निकलेंगे। बता दें कि पिछले दिनों भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ग्रेटर नोएडा के रास्ते हाथरस के लिए रवाना हुए थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें ग्रेटर नोएडा के पास ही रोक लिया था।
हाथरस की घटना को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार पर आक्रमक रूख अपनाए हुए है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी और उनपर FIR के बाद सियासत और गरमा गई है। पिछले दिनों जब राहुल गांधी हाथरस के लिए रवाना हुए थे तो पुलिस ने यह कहकर उन्हें ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर रोक लिया था कि आप भीड़ के साथ नहीं जा सकते।
बाद में राहुल गांधी ने कहा था कि वह अकेले जाना चाहते हैं। लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा करने मना किया और प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद राहुल और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं पर FIR दर्ज किया गया था।
दूसरी तरफ आज राहुल गांधी ने हाथरस जाने का ऐलान करते हुए कहा है कि दुनिया की कोई भी ताक़त मुझे हाथरस के इस दुखी परिवार से मिलकर उनका दर्द बांटने से नहीं रोक सकती। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘इस प्यारी बच्ची और उसके परिवार के साथ यूपी सरकार और उसकी पुलिस की ओर से किया जा रहा व्यवहार मुझे स्वीकार नहीं। किसी भी हिंदुस्तानी को ये स्वीकार नहीं करना चाहिए।’
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी आज दोपहर के समय हाथरस के लिए रवाना होंगे। उनके साथ एक कांग्रेस नेताओं का दल भी जाएगा। उधर पीड़िता के गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती से लेकर गांव की सीमा सील किए जाने, राहुल ने हर एक विषय पर ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी और सीएम योगी के नेतृत्व वाली यूपी सरकार को घेरा।