जदयू के पूर्व अध्यक्ष और समाजवाद के मुखर समर्थक शरद यादव का निधन, नीतीश कुमार ने दी श्रद्धांजलि

शरद यादव का निधन
शरद यादव का निधन

जनता दल यूनाइटेड के पूर्व अध्यक्ष रहे शरद यादव का गुरुवार रात को निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। शरद यादव समाजवाद के मुखर समर्थक थे। नीतीश कुमार और शरद यादव का साथ लंबे समय तक रहा लेकिन अंतिम समय में दोनों के बीच कुछ मतभेद दिखे थे जिसके बाद शरद यादव ने अपनी खुद की पार्टी बना ली थी।

समाजवाद के प्रखर समर्थक होने के चलते शरद यादव जल्द ही राजनीति में काफी लोकप्रिय हो गए और लोगों की पहली पसंद बन गए। बिहार की राजनीति में शरद यादव का एक अलग पहचान था। शरद यादव के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई गणमान्य लोगों ने शोक व्यक्त किया है।

बता दें कि शरद यादव 75 साल के थे। उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस से छतरपुर के लिए रवाना हो गया है। छतरपुर में स्थित 5 वेस्टर्न आवास पर उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने दी श्रद्धांजलि

शरद यादव के निधन पर राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए लड़ने वाले 70 के दशक के छात्र नेता शरद जी संसद में वंचितों की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आवाज थे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

प्रधानमंत्री ने जताया शोक

पूर्व जदयू अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शोक जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शरद यादव जी के निधन से बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वह डॉक्टर लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे। मैं हमेशा हमारी बातचीत को संजोकर रखूंगा। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। शांति।

लालू प्रसाद ने किया याद

शरद यादव के निधन के बाद राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनके आपसी मतभेदों के कारण कभी भी किसी प्रकार की कड़वाहट नहीं हुई। सिंगापुर के अस्पताल में विस्तार से लालू यादव ने वीडियो बयान जारी करते हुए शरद यादव को बड़ा भाई बताया और दिवंगत नेता को याद किया।

शरद जी से मेरा गहरा संबंध – नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शरद यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। नीतीश कुमार ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव जी का निधन का दुख है। शरद यादव जी से मेरा बहुत गहरा संबंध था। मैं उनके निधन की खबर से स्तब्ध हूं। वह एक प्रखर समाजवादी नेता थे। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व केंद्रीय मंत्री और जदयू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव के निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने श्रद्धांजलि दी है। दिवंगत शरद यादव को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने गहरा शोक जताया और ट्वीट किया – शरद यादव जी समाजवाद के पुरोधा होने के साथ-साथ एक विनम्र स्वभाव के व्यक्ति थे। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है। उनके शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। देश के लिए उनका योगदान सदा याद रखा जाएगा।