बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू हो गए हैं। दूसरे चरण के तहत आज 94 सीटों पर बिहार की जनता अपना प्रतिनिधि चुन रही है। दूसरे चरण में होने वाले मतदान में आज मुख्यमंत्री पद के दो दावेदार राजद नेता सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और प्लूरल्स प्रेसिडेंट पुष्पम प्रिया चौधरी समेत तेज प्रताप यादव जैसे कई दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में बंद होंगे। आज के मतदान के साथ ही 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा के लिए 165 सीटों पर चुनाव लड़ने वाले प्रतिनिधियों की किस्मत भी ईवीएम में कैद हो जाएगी। दूसरे चरण में 2,86,11,164 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वोट डालने के बाद मुख्यमंत्री बिना मीडिया से बात किए वापस लौट गए। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने हाजीपुर विधानसभा क्षेत्र के करनपुरा के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने बेतिया विधानसभा के बूथ संख्या 61 पर मतदान किया। इस दौरान चुनाव आयोग के मुताबिक सुबह 9 बजे तक 8.5 प्रतिशत डाले गए हैं।
दरभंगा जिले के गौड़ाबौराम व कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्रों में चार ईवीएम बदला गया। गौड़ाबौराम के बूथ संख्या 58 मध्य विद्यालय साहू और बूथ संख्या 49 मध्य विद्यालय रामनगर पर सुबह 6.30 बजे ईवीएम बदलकर मतदान शुरू कराया गया। यहां मतदान बाधित नहीं हुआ। कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 46 मध्य विद्यालय उछटी पर 6.55 बजे ईवीएम बदलकर निर्धारित समय पर मतदान शुरू कराया गया। बूथ क्रमांक दो मध्य विद्यालय तरवारा उत्तरी में ईवीएम खराब होने के कारण एक घंटे विलंब से मतदान शुरू हुआ।