भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा का पार्टी अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए 19 जनवरी को नामांकन किया जाएगा। अभी बीजेपी के नए अध्यक्ष के लिए चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। पार्टी के संविधान के मुताबिक, 50 फीसदी राज्यों में संगठन का चुनाव हो जाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होता है।
फिलहाल सभी राज्यों में संगठन का चुनाव चल रहा है। 18 जनवरी तक 80 फीसदी राज्यों में संगठन का चुनाव सम्पन्न हो जाएगा। बताया जा रहा है कि बीजेपी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह 20 तारीख से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तारीख की घोषणा करेंगे।
हालांकि पहले से ही यह तय माना जा रहा है कि वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है। बता दें कि बीजेपी के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का कार्यकाल पिछली जनवरी को ही समाप्त हो गया था। लोकसभा चुनाव को देखते हुए अमित शाह को पद पर बने रहने को कहा गया था।
चुनाव के बाद अमित शाह को गृह मंत्री बनाए जाने के बाद जेपी नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। अब चर्चा है कि जेपी नड्डा को ही बीजेपी का कमान दी जा सकती है। अगर ऐसा होता है तो जेपी नड्डा बीजेपी के नए राष्ट्रीय होंगे। वह फरवरी में पार्टी की बागडोर संभाल सकती है।