नई दिल्ली। महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा का चुनाव खत्म हो गया है। महाराष्ट्र में 288 सीटों के मतदान हुआ और यहां 60.5 फीसदी वोट पड़ा। वहीं हरियाणा में 65 फीसदी मतदान हुआ। हरियाणा में कुल 90 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। हरियाणा के मेवात जिले में चार बूथों पर हिंसक झड़प हुई। महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ में शिवसेना और राकांपा के समर्थक भिड़ गए।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, गुजरात समेत 18 राज्यों की 63 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है।इनमें कर्नाटक में 15, उत्तरप्रदेश की 11, बिहार और केरल में 5-5, पंजाब, गुजरात और असम में 4-4, सिक्किम की 3, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु में 2-2, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, मेघालय, ओडिशा और तेलंगाना की 1-1 सीट शामिल है। महाराष्ट्र में एक लोकसभा सीट पर भी वोटिंग हो रही है।
मुंबई में सेलिब्रिटीज और नेताओं ने वोट डाले। सचिन तेंदुलकर, शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे, आमिर खान, दीपिका पादुकोण, माधुरी दीक्षित ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्नी अमृता के साथ नागपुर में वोट डाला। उन्होंने कहा कि जनता को मतदान कर लोकतंत्र के लिए अपना कर्तव्य निभाना चाहिए।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ट्रेन से करनाल पहुंचे, साइकिल चलाकर वोट डालने बूथ पहुंचे। उन्होंने कहा- लोगों को बेहतर भविष्य के लिए पर्यावरण की चिंता करनी चाहिए। हरियाणा की चरखी दादरी सीट से भाजपा प्रत्याशी रेसलर बबीता फौगाट, उनकी बहन गीता फौगाट परिवार से साथ मतदान करने पहुंचीं।
संघ प्रमुख भागवत ने मतदान के बाद कहा- प्रजातंत्र में सभी चुनाव अहम होते हैं। सरकार किसकी थी, किसकी आनी है- यह सवाल नहीं रहता। तंत्र देश का चलता है। 100% मतदान हो और यह हर मतदाता का कर्तव्य है। 24 अक्टूबर को वोटों की गिनती होनी है। जिसके बाद यह साफ हो जाएगा की किसकी सरकार इन दोनों राज्यो में बनेगी। पिलहाल एक्जिट पोल में महाराष्ट्र में शिवसेना और बीजेपी गठबंधन को बहुमत मिलने की संभावना जताई जा रही है।