रांची – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने सोमवार को झारखंड में चुनावी जनसभा की… झारखंड पुकारा, भाजपा दोबारा… पीएम मोदी ने डालटनंगज और गुमला के चुनावी सभा में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। अनुच्छेद 370 और अयोध्या के राम मंदिर को दशकों से लटकाकर रखने के लिए कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस समस्या की जननी है, जबकि भाजपा समाधान की जनक है। कांग्रेस ने वोट बैंक के खातिर अयोध्या मसले को लटकाया। पीएम ने कहा कि कांग्रेस अपने शासन में लोगों के बीच दरार नहीं दीवार बनाती रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि हम पांच सूत्र स्थिरता, सुशासन, समृद्धि, सम्मान और सुरक्षा पर काम करते हैं। भाजपा ने झारखंड में भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए दिन-रात काम किया। भाजपा ने समाज के हर आदमी का गौरव बढ़ाया। भाजपा सरकारें सेवा और समर्पित भाव से काम करती है। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास को उन्होंने भावी मुख्यमंत्री संबोधित करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने आपकी खूब सेवा की है। एक बार फिर कमल का निशान देखकर बटन दबाइए और भाजपा सरकार बनाइए।