नई दिल्ली। दिल्ली में लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है। जीत दर्ज करने के बाद अरविंद केजरीवाल जब अपने पार्टी कार्यालय पहुंचे तो वहां पर पहले से ही हजारों समर्थक मौजूद थे। पार्टी कार्यालय पर दिए संबोधन में उन्होंने दिल्ली वासियों को इस जीत का पूरा श्रेय दिया और कहा कि भगवान उन्हें आने वाले पांच वर्षों में पूरी ताकत के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करे।
इस संबोधन के दौरान आप के दूसरे बड़े नेता और जीते गए प्रत्याशी भी मौजूद थे। साथ ही केजरीवाल की पत्नी भी इस मौके पर वहां मौजूद थीं। केजरीवाल ने अपने भाषण में दस बड़ी बातें कहीं।
- केजरीवाल के इस चुनाव की धुरी दिल्ली का बेटा केजरीवाल रहा थी। इसको उन्होंने कई जगह दोहराया भी और जीत के बाद जो संबोधन दिया उसमें भी उन्होंने इसका जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों ने उन्हें अपना बेटा माना है। इसलिए उन्होंने तीसरी बार आप पर भरोसा जताते हुए प्रचंंड जीत दी है।
- केजरीवाल ने कहा कि ये जीत केवल उनकी या उनकी पार्टी की नहीं है बल्कि ये दिल्ली वासियों की जीत है। उनके इस संबोधन के बाद समर्थकों ने भारत माता की जय के नारे लगाए।
- अरविंद केजरीवाल ने अपने छोटे लेकिन खास संबोधन में कहा कि इस चुनाव ने एक नई राजनीतिक को जन्म दिया है। यह राजनीति दूसरों पर छींटाकशी की नहीं बल्कि विकास की राजनीति है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कार्यकर्ताओं ने जी जान लगाकर मेहनत की। दिल्ली वासियों ने बता दिया कि वोट उसी को मिलेगा जो विकास करेगा।
- उन्होंने कहा कि इस चुनाव में दिल्ली वालों ने बता दिया कि वोट उसी को मिलेगा जो दिल्ली के बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएगा, दिल्लीवालों को पानी मुहैया करवाएगा, उन्हें बिजली देगा और नागरिकों को सहूलियत मुहैया करवाएगा।
- केजरीवाल ने कहा कि ये भारत माता की जीत है। ये पूरे देश की जीत है। उन्होंने कहा कि आज मंगलवार है और ये हनुमान जी का दिन है। उन्होंने दिल्ली पर कृपा बरसाई है। इस मौके पर हनुमान जी का धन्यवाद।
- केजरीवाल ने कहा कि हम कामना करते हैं कि आने वाले दिनों में वो हमें काम करने की शक्ति दे। पार्टी कार्यालय में संबोधन के बाद वह हनुमान मंदिर के दर्शन करने भी गए।
- उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में दिल्ली के परिवार के दो करोड़ लोग मिलकर दिल्ली को सुंदर बनाएंगे। अब आने वाले पांच वर्षों में विकास को लेकर और मेहनत करनी होगी।
- देश के लिए नई राजनीति की शुरुआत होना एक शुभ संकेत। आप लोगों ने कमाल कर दिया, I Love You।