नई दिल्ली। एंटी सीएए प्रदर्शन में उत्तरी दिल्ली में दिल्ली पुलिस के एक हेड कॉन्सटेबल समेत 7 लोगों की मौत हो गई। हिंसा में 150 लोगों के घायल होने की खबर है। नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के खिलाफ दिल्ली के उत्तरी-पूर्वी हिस्से में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। हिंसक भीड़ द्वारा पुलिस पर गोलियाँ चलाई गई और पत्थरबाजी की गई।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने दिल्ली मेट्रो के तीन स्टेशनों पर एंट्री बैन कर दिया है। सुबह 11 बजे के बाद मंडी हाउस, आईटीओ और दिल्ली गेट पर एंट्री बैन कर दिया गया है। मंगलवार सुबह से ही दिल्ली मेट्रो ने जाफराबाद (Jaffrabad), मौजपुर-बाबरपुर (Maujpur-Babarpur), गोकुलपुर (Gokulpuri), जौहरी एन्कलेव (Johri Enclave) और शिव विहार मेट्रो स्टेशनों बंद रखा है।
उधर दिल्ली पुलिस ने हिंसा के दौरान पुलिस पर गोलियाँ चलाने वाले शख्स की पहचान कर ली है। बताया जा रहा है कि गोली चलाने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शख्स का नाम शाहरूख है। जानकारी के अनुसार, गोकुलपुरी में दो समूहों के बीच झड़प हो गई। इस झड़प में हुई हिंसा में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल रतन लाल की मौत हो गई।