ठंड का कहर, बिहार में 36 और यूपी में 50 की मौत

ठंड का कहर

पटना। पूरे उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड का कहर जारी है। रविवार को राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री मापा गया। वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ठंड की वजह से जनजीवन ठप्प है। बिहार में ठंड से अबतक 36 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं यूपी में 50 लोगों की जान ठंड की वजह से गई है।

बिहार में 36 और यूपी में 50 लोगों की मौत

हवा की दिशा बदलने से दिल्‍ली में गिर रहा तापमान कुछ सुधरा है जबकि कश्मीर के विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम हवाओं के चलते उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में कोहरे और शीतलहर का प्रकोप जारी है। दो दिनों में उत्‍तर प्रदेश में कड़के की सर्दी से 50 से ज्‍यादा लोगों की मौत हो गई है जबकि झारखंड में सात लोगों ने जान गंवाई है। बिहार में बीते तीन दिनों में ठंड की चपेट में आकर 36 से ज्‍यादा लोग मरे हैं। मध्‍य प्रदेश में ठंड से दो लोगों के मरने की सूचना है।

दिल्ली के चलने वाली अधिकतर ट्रेनें रद्द

दिल्‍ली से आने जाने वाली 30 ट्रेने देर से चल रही हैं जबकि 25 गाड़ि‍यों को रद कर दिया गया है। दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी साढ़े सात घंटे की देरी से चल रही है। रेलवे से प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक, रद की गई ट्रेनों में 13151 जम्‍मू-तवी एक्‍स, 14005 लिच्‍छवी एक्‍स, 14217 ऊंचाहार एक्‍स, 14218 ऊंचाहार एक्‍स, 14223 बुध पूर्णिमा एक्‍स, 14224 बुध पूर्णिमा एक्‍स, 14235 वाराणसी बरेली एक्‍स, 12595 गोरखपुर आनंदविहार हमसफर एक्‍स, 12397 महाबोधि एक्‍स, 12369 कुम्‍भा एक्‍स समेत कई गाड़‍ियां शामिल हैं।

स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अगले 24 घंटों तक देश की राजधानी दिल्ली सहित जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में मध्यम से घने कोहरे के साथ ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। हालांकि अगले 24 घंटे में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

1 से 3 जनवरी को बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, 1 से 3 जनवरी के बीच देश के कुछ एक हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 2 जनवरी को ओले गिरने के भी आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और असम में मध्यम से घने कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हुई है जिससे सभी तरह के यातायात पर असर पड़ा है।