नई दिल्ली।
एक महिला क्रिकेटर ने यौन उत्पीड़न मामले में ट्विटर पर क्रिकेटर और बीजेपी नेता गौतम गंभीर से मदद मांगी। महिला ने अपने कोच पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। जिसके बाद गौतम गंभीर ने तुरंत महिला की मदद की। जिसके बाद आरोपी कोच को जेल की सलाखों के पीछे कैद कर दिया गया।
ट्वीट में उस महिला क्रिकेटर ने गंभीर से गुहार लगाते हुए लिखा था, ‘हेलो सर मैं दिल्ली की एक महिला क्रिकेटर हूं। हमारे कोच मेरा उत्पीड़न कर रहे हैं और उन्होंने मेरे साथ बलात्कार की कोशिश की। वो मुझे धमकी दे रहा है कि अगर मैंने शिकायत की तो वो मेरा करियर बर्बाद कर देगा। मेरी मदद कीजिए सर।’
बता दें कि गौतम गंभीर ने खुद इस बात की जानकारी ट्वीट कर दी। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘कुछ दिन पहले एक लड़की ने मुझसे संपर्क साधकर बताया कि उसका कोच उसके साथ शारीरिक शोषण कर रहा है। अब वो आरोपी जेल की सलाखों के पीछे है।’
उन्होंने कहा,’अब लड़की को उन कड़वी यादों से उबरने के लिए मदद दी जा रही है। तुरंत कार्रवाई करने के लिए शुक्रिया माननीय गृहमंत्री अमित शाह जी और दिल्ली पुलिस। हमें ऐसे राक्षसों के लिए कोई सहनशीलता नहीं रखनी चाहिए।’