गांधी@150 : पीएम मोदी का ऐलान- खुले में शौच से मुक्त हुआ भारत

महात्मा गांधी के 150वीं जयंती पर पीएम मोदी ने कहा कि पूरा विश्व देश में ग्यारह करोड़ से ज्यादा शौचालय का निर्माण के बारे में सुनकर हैरान है। मोदी ने कहा कि आज पूरा विश्व हमें इस बात के लिए पुरस्कृत कर रहा है। 60 महीने में 60 करोड़ से अधिक आबादी को शौचालय की सुविधा देना, 11 करोड़ से ज्यादा शौचालयों का निर्माण, ये सुनकर विश्व अचंभित है।

साबरमती के धरती से पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण सुरक्षा और जीव सुरक्षा, ये तीनों विषय गांधी जी के प्रिय थे। प्लास्टिक इन तीनों के लिए बहुत बड़ा खतरा है। वर्ष 2022 तक देश को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने का लक्ष्य हमें हासिल करना है। पीएम मोदी ने कहा कि साढ़े तीन लाख करोड़ रूपये जल जीवन मिशन पर सरकार ने खर्च करने का फैसला किया है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि मुझे संतोष इस बात का है कि स्वच्छता की वजह से गरीब का इलाज पर होने वाला खर्च अब कम हुआ है। इस अभियान ने ग्राणीण इलाकों, आदिवासी अंचलों में लोगों को रोजगार के नए अवसर दिए। वैश्विक स्तर पर भारत का कद दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। दुनियाभर में भारत के प्रति आदर बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती संयुक्त राष्ट्र में काफी उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। दुनिया की कोई भी समस्या के बारे में बात करिए, महात्मा गांधी का सुझाव उन समस्याओं को निदान देता है। इसके साथ -साथ पीएम मोदी ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर 150 के स्मरणीय सिक्के जारी किए।