केला उत्पादक किसानों को आर्थिक मदद दे सरकार: देवेंद्र फडणवीस

केला उत्पादक किसान
देवेंद्र फडणवीस

मुंबई। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने सूबे के केला उत्पादक किसानों को उनके नुकसान के लिए तत्काल आर्थिक मदद करने की मांग की है। देवेंद्र फडणवीस ने यहां किसान नेताओं से चर्चा की और उनकी मांग सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को जलगांव जिले का दौरा किया और यहां बेमौसम बारिश से किसानों के हुए नुकसान का जायजा लिया। इसके लिए फडणवीस खुद केला उत्पादक किसानों के खेतों में भी गए। फडणवीस ने कहा कि बेमौसम बारिश से किसानों का बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है, इसलिए सरकार को पंचनामा का इंतजार न करते हुए तत्काल केला उत्पादक किसानों को आर्थिक मदद करनी चाहिए।

दौरे के बीच ही जलगांव के किसानों ने फडणवीस के काफिले को रोक कर उन्हें ज्ञापन सौपा। देवेंद्र फडणवीस ने इन सभी किसानों को उनकी मांग सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की सांसद रक्षा खडसे के मुक्ताईनगर स्थित उनके घर पर जाकर उनसे मुलाकात की। मौके पर पूर्व मंत्री गिरीश महाजन भी उपस्थित थे। इस दौरान फडणवीस ने रक्षा खडसे के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

उल्लेखनीय है कि रक्षा खडसे पूर्व भाजपा नेता एकनाथ खडसे की बहू हैं। एकनाथ खडसे भाजपा से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं, जबकि रक्षा खडसे अभी भी भाजपा में ही हैं। देवेंद्र फडणवीस ने रक्षा खडसे से जिले में पार्टी के विस्तार के बारे में भी चर्चा की।