नई दिल्ली। पिछले 10 दिनों से दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी है। ठंड और कोहरे की मार से उत्तर भारत में जनजीवन ठप्प हो चुका है। दिल्ली में स्कूलों में छुट्टियां दे दी गई है। ठंड को देखते हुए उत्तर भारत के छह राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
ठंड की लगातार बढ़ोतरी के बाद दिल्ली सहित कई राज्यों में स्कूलों में छुट्टी दे दी गई है। दिल्ली में सुबह का तापमान 2 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। सर्दी की हालत के देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं यूपी के कानपुर में सुबह का तापमान 2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
छह राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी
ठंड को देखते हुए छह राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया। जिन राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है उनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली शामिल है। शिमला में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत के तापमान में भारी गिरावट दर्ज किया गया।
भीषण ठंड के बीच वायु प्रदूषण ने भी हाला बदतर कर दिया है। दिल्ली, यूपी समेत कई शहरों में वायु प्रदूषण की स्थिति बदतर रही। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 413 रहा । जिसके चलते सांसों पर संकट बढ़ा है। कानपुर में में यह 291 और लखनऊ में 338 के खतरनाक स्तर पर रहा।
दिल्ली शनिवार को लगातार 15वें दिन सबसे सर्द रहा। 1901 के बाद यहां सबसे ज्यादा ठंडा दिसंबर रहा है। 1997 में आखिरी बार इसी तरह की ठंड से दो चार हुआ था। दिल्ली में 30 दिंसबर 2013 को भी पारा 2.4 डिग्री रहा और वहीं 11 दिसंबर, 1996 को 2.3 डिग्री और 27 दिसंबर 1930 को शून्य डिग्री दर्ज हुआ था।
कारगिल जिले में तापमान -28.6 डिग्री
लद्दाख के कारगिल जिले में ठंड का कहर इस हद तक जारी है कि वहां का जनजीवन पूरी तरह से ठहर गया है। कारगिल जिले में तापमान -28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश में ठंड के कहर के चलते ज्यादातर शहरों में पारा जमाव बिंदु के करीब जा पहुंचा है। न्यूनतम तापमान शनिवार को अलीगढ़ में 1.8 डिग्री, बहराइच में 2.0 डिग्री, बरेली में 3.1 डिग्री, झांसी में 2.3 डिग्री, कानपुर में 2.0 डिग्री और लखनऊ में 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। स्थिति यह है कि घर के अंदर रजाई में भी राहत नहीं मिल रही। ठंड की वजह से विभिन्न जिलों में 57 लोगों की मौत हो गई है।